31283 आवेदन स्वीकृत, 10531 को ही मिल सकी तीनों किस्तें
- प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी : तीन नगरपालिका और चार नगर पंचायतों में मिल रहा योजना का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। जिले के शहरी क्षेत्रों में पात्रों को घर मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए कुल 31283 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 10531 को ही तीनों किस्तें मिल सकी हैं। इस कारण बड़ी संख्या में लोग खुले में रहने को मजबूर हैं और आवास की बची किस्तों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे घर का निर्माण पूरा हो सके।
जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में चयनित लाभार्थियों को दो कमरे, एक किचन और एक शौचालय बनवाया जाता है। इसके लिए 21 वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता होती है। लाभार्थी को प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार, द्वितीय किस्त 1.50 लाख रुपये और तृतीय किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। इस तरह कुल 2.50 रुपये सरकार की तरफ से लाभार्थी को दिए जाते हैं। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये लाभार्थी का अंश होता है। कुल 3.80 लाख रुपये शहरी आवास पर लागत निर्धारित की गई है।
मौजूदा वर्ष में पडरौना, कुशीनगर और हाटा नगरपालिका के अलावा खड्डा, रामकोला, कप्तानगंज और सेवरही नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास के लिए कुल 31283 आवेदन स्वीकृत हुए। इनमें से 31028 अभ्यर्थियों को पहली किस्त जारी हुई है। इन्हें कई महीने से दूसरी किस्त का इंतजार करना पड़ रहा है। जिन लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी हुई है उनकी संख्या 25817 है। वहीं 10531 लाभार्थी ही ऐसे हैं, जिन्हें तीनों किस्त मिल सकी है। कोरोना संकटकाल में धन आवंटन न होने की वजह से इन लाभार्थियों का आवास पूर्ण नहीं हो पाया। हालांकि विभाग की तरफ से अब धन भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कप्तानगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 की संगीता पत्नी ब्रह्मानंद और सरस्वती देवी पत्नी नंदू भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास की उन्हें अभी तक पहली किस्त ही मिल पाई है। इस वजह से आवास अधूरा पड़ा है। कप्तानगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-13 सुभाषनगर उत्तरी की निवासी आशा वर्मा भी पीएम आवास की किस्त का इंतजार कर रही हैं। सेवरही नगर पंचायत के आजादनगर मोहल्ला निवासी नंदलाल कुशवाहा, फातमा खातून और स्वर्णनगर निवासी सुखसागर वर्मा ने बताया कि इन्हें अभी तक प्रथम किस्त ही मिली है। आवास अधूरा है। इनके अलावा सेवरही के स्वर्ण नगर मोहल्ला के निवासी ही गिरजेश मिश्रा ने बताया कि उनका आवास भी किस्त न मिलने से अब तक अधूरा है।
बिचौलियों से रहें सावधान
डूडा के पीओ ने बताया कि कुशीनगर और हाटा नगरपालिका क्षेत्र में बिचौलिए सक्रिय हैं। जो लाभार्थियों का आवेदन जमा कराने और आवास दिलाने का झांसा देकर ठग रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित भी किया गया है और कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान आवास निर्माण बंद था। आवास में कोई धन नहीं देना होता है। लाभार्थी सीधे कलेक्ट्रेट स्थित डूडा कार्यालय में संपर्क करें।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 2.50 लाख रुपये सरकार देती है। 1.30 लाख रुपये लाभार्थी को स्वयं लगाना होता है। जनपद की तीन नगरपालिका और चार नगर पंचायतों में 31028 आवास स्वीकृत हैं। आवंटित धन के सापेक्ष आवास के लिए रकम भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधूरे आवास शीघ्र ही पूर्ण होंगे।
- वेदप्रकाश, पीओ डूडा