जनपद के अधिकारी हर दिन करें जनसुनवाई : मुख्यमंत्री
पडरौना (कुशीनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की देर शाम अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इस दौरान डीएम-एसपी सहित जिले के अफसर भी कलेक्ट्रेट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उनसे जुड़े रहे। इस दौरान सीएम ने कहा कि जिले के अधिकारी हर दिन जनसुनवाई करें जिससे जनता से जुड़ी समस्याओं व शिकायतों का समाधान सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने जनता से जुड़ी समस्याओं व शिकायतों का समाधान संबंधित व्यक्ति की संतुष्टि के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं का समाधान तहसील, थाना व जनपद स्तर पर ही किया जाए, जिससे जनता को समस्याओं के समाधान के लिए लखनऊ की दौड़ न लगानी पड़े। उन्होंने जनपद स्तर पर अधिकारियों को हर हाल में प्रतिदिन जनसुनवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरा सभी डीएम, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को जनता की समस्या का निस्तारण सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।
सीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, एल्डर हेल्पलाइन, थाना व तहसील दिवस, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, गो-आश्रय स्थल, कानून-व्यवस्था, कोविड-19 आदि विषयों पर अधिकारियों से संवाद किया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह के दो शनिवार थाना दिवस तथा दो शनिवार तहसील समाधान दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन दिवसों में जनता की शिकायतों व समस्याओं के संबंध में निरंतर समीक्षा करते हुए त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एल्डर हेल्पलाइन बनाई गई है। इस प्रकार की हेल्पलाइन का कार्य प्रत्येक जनपद में किया जाए। इसी तरह अन्य विभागों और योजनाओं के बारे में सीएम ने गंभीरतापूर्वक निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम एस. राजलिंगम, एसपी सचिंद्र पटेल, डिप्टी आरएमओ विनय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।