विकास का रिपोर्ट कार्ड सिर्फ भाजपा दिखा सकती : जेपी नड्डा
चुनावी सभा में अनुच्छेद 370, राम मंदिर, तीन तलाक पर बेबाकी से बोले भाजपा अध्यक्ष
खड्डा (कुशीनगर)। भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा करती है। विकास का रिपोर्ट कार्ड वही दिखा सकती है। विपक्षी दलों में रिपोर्ट कार्ड पेश करने की ताकत नहीं है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को खड्डा के गांधी किसान इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कहीं। नड्डा ने अनुच्छेद 370, राम मंदिर और तीन तलाक पर खुलकर बोला।
खड्डा विधानसभा सीट से भाजपा एवं निषाद पार्टी के प्रत्याशी विवेकानंद पांडेय के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने सपा को आतंकवादियों का समर्थक बताया। कहा कि सपा सरकार में अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, आजम खां जैसे लोग दनदनाते फिरते थे, अब जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। मीडिया से कहा कि वह अखिलेश यादव से पूछे कि 22 मई 2007 को गोरखपुर बम ब्लास्ट सहित अन्य आतंकवादी घटनाओं में शामिल आतंकियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे 26 अप्रैल 2012 को वापस क्यों लिया। नड्डा ने कहा कि चांदी के चम्मच के साथ पैदा होने वाले अखिलेश यादव को गरीबों के बैंक खाते से क्या मतलब। भाजपा सरकार ने गरीबों का बैंक खाता खुलवाया। अब प्रधानमंत्री जो रकम भेजते हैं, वह बिना बिचौलियों के
सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचती है। इस दौरान बिहार की पार्टी की महिला शाखा की उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, पूर्व विधायक दीपलाल भारती, संगम मिश्रा, राजकुमार सिंह, निलेश मिश्रा, विजय लक्ष्मी मिश्रा, अजय गोविंद राव, दुर्गेश्वर वर्मा, मनोज जायसवाल, शेषनाथ यादव आदि मौजूद रहे।
-------
1:02 बजे उतरा नड्डा का हेलीकॉप्टर
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हेलीकॉप्टर शनिवार को दोपहर बाद 1:02 बजे सभा स्थल के पास उतरा। यहां पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह, सांसद विजय कुमार दुबे, जिलाध्यक्ष प्रेम चंद मिश्रा, निलेश मिश्रा आदि ने उनका स्वागत किया।