मेले में सांसद ने प्रदान किया गोल्डन कार्ड
लाभार्थियों को कार्ड देने के लिए कार्यक्रम आयोजित था
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अंत्योदय कार्ड के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत का गोल्डन कार्ड देने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 52 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विजय कुमार दुबे ने की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार आयुष्मान भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। 23 सितंबर 2018 से संचालित इस योजना के तहत जनपद का लक्ष्य 11 लाख 43 हजार है। इस योजना से अब श्रमिकों और अंत्योदय के लाभार्थियों को भी जोड़ा गया है। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को इलाज में कोई परेशानी न हो, इसलिए सरकार पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने इस योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने कहा कि गरीब तबके के लोगों के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। इसके बाद सांसद ने सोहन प्रसाद, इम्तियाज अली, बेचनी देवी, तेतरी, अखिलेश गौतम, मन्नू कुमार, शांति देवी, लखपति, रामदेव और मदन को गोल्डन कार्ड प्रदान किए। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से इस कार्यक्रम के शुभारंभ का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहित कुमार ने किया। इस अवसर पर डीडीओ आरएस गौतम, चमन यादव, संतोष चौबे, दिनेश तिवारी, संतोष दूबे सहित अन्य लोग मौजूद थे।
विशुनपुरा और कप्तानगंज में भी वितरण
जटहा बाजार। विशुनपुरा ब्लॉक सभागार में सोमवार को आयुष्मान अंत्योदय के तहत आयुष्मान कार्ड वितरण किया गया। इसमें 125 लोगों को आयुष्मान कार्ड दिया गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि कार्ड के जरिए गरीब परिवारों को इलाज कराने में बड़ा सहारा मिलेगा। ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव कहा कि सरकार कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। इसके बाद क्षेत्र के 125 लोगों में आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस दौरान बीडीओ आनंद प्रकाश, डॉ. आरडी कुशवाहा, ध्रुव शर्मा, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं कप्तानगंज ब्लॉक सभागार में आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इसमें 65 लोगों में कार्ड वितरण के अलावा 30 लोगों से गोल्डन कार्ड के लिए आवेदन लिया गया। ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह ने कहा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने बीडीओ विनय द्विवेदी के साथ क्षेत्र के 65 लोगों में आयुष्मान कार्ड वितरित किया। इस दौरान डॉ. एसके गुप्ता, आनंद मिश्रा, दिनेश कुमार सिंह, डॉ. शेषमणि गोंड, बैजनाथ गुप्ता, विजय कन्नौजिया, संतोष मद्धेशिया, मुकेश विश्वकर्मा, रमेश आदि मौजूद रहे। संवाद