मुकदमा दर्ज होने के पहले कर दी विवेचना
पडरौना। विशुनपुरा थाना में दर्ज मुकदमे की विवेचना में लापरवाही से पुलिस चर्चा में है। मुकदमा दर्ज होने की तिथि के पहले ही विवेचक ने जांच करके पर्चा काटकर कोर्ट में भेज दिया। पीड़ित ने कोर्ट में आवेदन करके इसकी कॉपी निकलवाई तो जानकारी सामने आई। पुलिस का कहना है कि यह लिपिकीय त्रुटि है। टाइपिंग में गलती हो गई है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि शिकायत सामने आने पर मामले की जांच कराई जाएगी।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कोकिल पट्टी में भूमि विवाद में 31 मई 2022 दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में पहले तो पुलिस ने केस दर्ज में हीलाहवाली की। किसी तरह से एक सप्ताह बाद इस मामले में पीड़ित मीना देवी की तहरीर पर छह जून को केस दर्ज करके जांच शुरू की। इस प्रकरण में विवेचक ने पहला पर्चा छह जून को काट दिया, लेकिन दूसरे पर्चे में लापरवाही बरती गई। दूसरा पर्चा विवेचक ने सात अप्रैल की तिथि में काटा, तीसरा पर्चा 16 जून को काटकर कोर्ट में भेज दिया। इसके बाद दोबारा गड़बड़ी करते हुए चौथा पर्चा 25 मई को काटा गया।
लापरवाही का आलम यह है कि सीओ तमकुहीराज कार्यालय से सात अप्रैल और 25 मई की तिथि में काटे गए पर्चे को बिना जांच कोर्ट में प्रेषित कर दिया गया। इस प्रकरण में जब दूसरे पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराकर कोर्ट से प्रमाणित कॉपी मांगी, तब यह लापरवाही सामने आई।
इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि शिकायत सामने आने पर इसकी जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।