बगैर पंजीकरण संचालन पर अस्पताल सील
अनियमितता मिलने पर एक साल पहले निरस्त हो गया था पंजीकरण : सीएमओ
आयुष्मान भारत योजना में अस्पताल का हुआ था चयन, मानक के विपरीत कार्य पाए जाने पर हुआ था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर के कसेरा टोली मोहल्ले में बगैर पंजीकरण अस्पताल के संचालन पर उसे सीएमओ और एसडीएम ने मंगलवार को सील कर दिया। वहीं, बताया गया कि इस अस्पताल के संचालक पर पूर्व में अनियमितता के आरोप में मुकदमा दर्ज हो चुका है। उसके बाद इस अस्पताल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया था।
नगर के कसेरा टोली मोहल्ले के एक निजी अस्पताल को सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया और एसडीएम सदर कल्पना जायसवाल ने मंगलवार की शाम पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ पहुंचकर सील कर दिया। इस अस्पताल के बारे में सूचना मिली थी कि अस्पताल बिना पंजीकरण ही संचालन हो रहा है। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में यह अस्पताल चयनित था, लेकिन मानक के विपरीत कार्य करते पाए जाने पर एक साल पहले इसके संचालक पर मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी समय इस अस्पताल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया था। बावजूद इसके इस अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।
इस संबंध में अस्पताल के संचालक डॉ. के. खान का कहना है कि अनियमितता के आरोप में पूर्व में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और उसके बाद पंजीकरण निरस्त कर दिया गया था, लेकिन तत्कालीन सीएमओ से वार्ता के बाद उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराने का आश्वासन दिया था। उनके सुझाव पर ऑनलाइन आवेदन कर दिया गया था, लेकिन अभी पंजीकरण नहीं हो पाया था। विभागीय कर्मचारी शीघ्र ही पंजीकरण हो जाने का आश्वासन दे रहे थे।