पडरौना। जिले के 4.60 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त केंद्र सरकार की ओर से भेज दी गई है। अभी ई-फॉर्मर रजिस्ट्री न करा पाने वाले किसान सम्मान निधि की राशि खातों में आने को लेकर संशय में हैं। किसान अपने खातों का बैलेंस पता करने के लिए बैंकों और जन सेवा केंद्रों में पहुंच रहे हैं।
केंद्र सरकार की ओर से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रति तिमाही छह हजार रुपये की किस्त जारी की जाती है। केंद्र सरकार की ओर से 24 फरवरी को पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की। इस किस्त को जारी करने से पूर्व केंद्र सरकार की ओर से किसानों के खातों के साथ अन्य पूरा ब्योरा सत्यापित किए जाने के लिए कृषि कार्यालय भेजा जाता था। कृषि विभाग की ओर से इसमें से मृतक व अपात्र किसानों को अलग कर 4.60 लाख किसानों का डाटा सत्यापित कर शासन को भेजा गया था। इन सभी किसानों के खातों में धनराशि भेज दी गई है।
उपकृषि निदेशक कृषि आशीष कुमार ने बताया कि 4.60 लाख किसानों का डाटा सत्यापित कर केंद्र सरकार को भेजा गया था। इन सभी के खाते में धनराशि भेज दी गई है।