बरवा पट्टी। दुदही ब्लॉक के बांसी नदी पर स्थित गौरीघाट पर पक्का पुल की मांग को लेकर बिंद टोली, यादव टोला, लाला टोला के लोग सोमवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गौरीघाट पर अस्थाई पीपा का पुल बना हुआ है, बरसात में पीपा पुल विभाग खुलवा देता है और नाव की भी व्यवस्था नहीं करता है। इससे पढ़ने वाले बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बैंक से लेन-देन करना, तहसील जाना, राशन खरीदना इत्यादि कामों के लिए दस किलोमीटर कि अलग से दूरी तय करके दुदही, तमकुही रोड, तमकुहीराज जाते हैं। इससे तमाम कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन को चेताया कि यदि एक सप्ताह के अंदर पक्के पुल की स्वीकृति नहीं मिली तो हम सब ग्रामीण आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे। पढ़ने वाले बच्चों की परेशानी को देखते हुए देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने तीन दिन पहले हीं लोक निर्माण विभाग लखनऊ के सचिव के पास पत्र लिखकर पक्के पुल की मांग की है। इसके पूर्व भी गांव वालों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन करने वालों में रमेश प्रसाद, अजय भारती, सुभाष चौहान, नगीना निषाद, बिहारी निषाद आदि मौजूद रहे।