मेडिकल की दुकान पर जांच करते ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा व स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी।
- फोटो : KUSHINAGAR
दवा की दुकानों पर छापा, बरामद की नशीली दवाएं
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ की कार्रवाई
फाजिलनगर(कुशीनगर)। कस्बे के विभिन्न दवा की दुकानों पर रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ छापा मारा। तीन दवा की दुकानों से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की। इस कार्रवाई से अन्य दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए।
कस्बे के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को शिकायती पत्र देकर दवा की दुकानों पर नशीली दवाइयां बिक्री करने का आरोप लगाया था। इसे गंभीरता से लेते हुए रविवार को दिन में करीब तीन बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने ड्रग निरीक्षक दिलीप पांडेय और पुलिस बल के साथ कस्बे के कई दवा की दुकानों और गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तीन दवा की दुकानों से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की।
इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि कस्बे के लोगों की तरफ से मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। इसमें दवा की तीन दुकानों से नशीली दवाएं बरामद हुई हैं। दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ नारकोटिक्स विभाग को पत्र भेजा जाएगा।