बाढ़ प्रभावित गांव में शामिल करने की मांग
विंध्याचलपुर के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। गंडक नदी के दियारा क्षेत्र के शाहपुर के विंध्याचलपुर टोले के लोगों ने सोमवार को तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने विंध्याचलपुर गांव को बाढ़ प्रभावित गांवों की सूची में शामिल करने की मांग की।
गांव के संतोष राय की अगुवाई में सोमवार को तहसील पहुंचे मुन्ना, रामदरश, अंगद, रमेश, पीयूष, रूदल, हीरा, नगीना, कृष्ण प्रसाद आदि लोगों ने कहा कि शाहपुर ग्राम सभा के गंडक नदी पार दियारा में बसा विंध्याचलपुर टोला नदी के कटान में समाप्त हो गया था। तत्कालीन जिला प्रशासन ने सात किलोमीटर दूर छितौनी तटबंध के दाईं तरफ लक्ष्मीपुर पड़रहवा गांव के पास विस्थापित कर बसा दिया। विस्थापित लोगों को घर तो मिल गया, लेकिन जीविकोपार्जन की कोई व्यवस्था नहीं थी। कुछ समय बाद नदी ने रुख बदला और उस क्षेत्र से गंडक नदी दूर हो गई। लोग दोबारा खेती करने लगे। नदी पार की परेशानी और दूरी के चलते लोग दोबारा छप्पर बनाकर विंध्याचलपुर में निवास करने लगे। धीरे-धीरे गांव आबाद हो गया। यहां प्राथमिक विद्यालय बन गया। वहां बच्चे पढ़ने लगे। पुन: नदी इतिहास दोहरा रही है। तीन साल से कटान करते हुए विंध्याचलपुर को समाप्त करने पर आमादा है। इस वर्ष करीब 50 घर नदी में कटकर विलीन हो चुके हैं। स्कूल के पास तक नदी पहुंच गई है। फसल समेत खेत बर्बाद हो चुका है। इसके बाद भी प्रशासन की तरफ से विंध्याचलपुर को बाढ़ प्रभावित गांव की सूची में शामिल नहीं किया गया, जिससे लोगों को राहत सामग्री नहीं मिल रही है। लोगों ने एसडीएम अरविंद कुमार को ज्ञापन देकर बाढ़ राहत सामग्री, स्वास्थ्य उपचार, बाढ़ से कटे घरों का मुआवजा, खेत व फसल कटने की क्षतिपूर्ति और सोलर लाइट लगवाने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि शाहपुर गांव के विंध्याचलपुर टोले के लोगों ने मांगपत्र सौंपा है। राजस्व टीम गठित कर सर्वे कराकर क्षति का आंकलन और वास्तविकता की जानकारी जुटाने के लिए आदेश दिया गया है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।