तुर्कपट्टी/तमकुहीराज। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के एक गांव में स्थित ईंट-भट्ठे के किनारे खेत में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा शव बरामद हुआ है।
सूचना पर तुर्कपट्टी पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गये । डॉग स्क्वायड टीम भी बुला ली गयी। इसकी निशानदेही पर पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शनिवार की सुबह गुरवलिया बाजार के पास स्थित पंसेरवा गांव र्के इंट-भट्ठे के पास लोगों को एक शव दिखा।
शव के चेहरे और सर से खून टपक रहा था। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे एएसपी लाल साहब, सीओ सदर शशिशेखर सिंह भी मौके पर पहुंच गये। महिला की पहचान गुरवलिया मुसहर टोली निवासी लक्ष्मी देवी 36 वर्ष पत्नी विंध्याचल के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की तुरंत जांच शुरू कर दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पति को तलाशना शुरू किया। मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मी के पति को बगल के गांव से पकड़कर हिरासत में लिया गया। थानाध्यक्ष का कहना था कि पकड़े गए लक्ष्मी के पति के कपड़े खून से सने पाये गये।
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी बगल के ईंट-भट्ठे पर एक ही साथ काम कर रहे थे। शुक्रवार की शाम को दोनों में विवाद हुआ था। विवाद का कारर्ण इंट-भठ्ठे पर मिले मजदूरी के रुपये थे। शुक्रवार की शाम को शराब के नशे में धुत पति का रुपये को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ।
गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी। पति के कपड़े पर मिले खून के निशान को डॉग स्क्वायड टीम के साथ खोजी कुत्ता ने भी पति की ओर इशारा किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इस संबंध में एसओ अनिल दुबे ने आरोप लगाया कि पति ने ही पत्नी की हत्या की है। पति को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।