तमकुहीराज। तरया सुजान थानाक्षेत्र के भगवानपुर में बुधवार को हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आकर दस वर्षीय बालिका झुलस गई। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए पीएचसी तरया सुजान ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
बुधवार की सुबह भगवानपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बच्चे खेल रहे थे। उसी समय विद्यालय के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार शार्ट सर्किट की वजह से टूटकर परिसर में गिर गया। इससे भगवानपुर निवासी कुन्दन पटेल की दस वर्षीय पुत्री दुर्गावती चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन विद्यालय के लोगों ने बच्ची के परिवार के लोगों को सूचना दी। परिवार के लोग झुलसी बच्ची को तरया सुजान पीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झुलसी बच्ची को गोरखपुर रेफर कर दिया।