तमकुहीराज। बिहार के बथना कुटी से सवारी लेकर आ रहा टेंपो शुक्रवार की शाम तकरीबन चार बजे हाइवे स्थित गाजीपुर बैरियर पर एक खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टेंपो में बैठे एक वृद्ध यात्री की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। टेंपो में साखोपार, अहिरौलीदान और महराजगंज के सिसवां बाजार और गोपालगंज जिले के लोग सवार थे।
शुक्रवार को बिहार के बथना कुटी से 13 सवारियां लेकर टेंपो चालक तमकुहीराज की ओर आ रहा था। शाम को लगभग चार बजे गाजीपुर बैरियर के पास जैसे ही पहुंचा। इस दौरान हाइवे पर खड़े ट्रक को देखकर चालक संतुलन खो बैठा। टेंपो हाइवे पर खड़े ट्रक में जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसकी आवाज दूर तक सुनी गई।
इसके बाद टेंपो में बैठे यात्रियों में कोहराम मच गया। वहां मौजूद लोगों ने सभी घायलों को तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे में कसया थानाक्षेत्र के साखोपार निवासी जवाहिर चौहान (65) को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि विशाल (18) निवासी खड़हरा जिला गोपालगंज, विश्वभावती (40)पचरुखिया गोपालगंज, राजेश (25) मीरगंज गोपालगंज बिहार, हेमंत (18) खुदरा थाना तरयासुजान, राजपती देवी (48) पचरुखिया गोपालगंज, हरेराम गुप्ता (30) खुदरा थाना तरयासुजान, प्रभावती (25) खड़हरा गोपालगंज, रामचंद्र (48) पचरुखिया गोपालगंज, मिट्ठी (06) व रंभा (22) अहिरौलीदान थाना तरयासुजान, भरत (26) सिसवां बाजार जिला महाराजगंज, माला देवी (25) साखोपार थाना कसया, चालक अरमान (14) पुरानी बाजार तमकुही थाना तरयासुजान गंभीर रूप से घायल हो गए।