फाजिलनगर (कुशीनगर)। सराफा व्यवसायी पर फायरिंग और हत्या के विरोध में चल रहा फाजिलनगर के व्यापार मंडल का आंदोलन सोमवार को तीसरे दिन एएसपी के आश्वासन पर समाप्त हो गया। एएसपी ने चार दिनों में घटना का पर्दाफाश किए जाने का व्यापारियों को आश्वासन दिया।
फाजिलनगर बाजार की संतकबीर गली में सराफा व्यवसाय करने वाले नंदलाल वर्मा और उनके पुत्र अभिषेक को बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे उनके दरवाजे पर गोली मार दी थी। नंदलाल के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौत हो गई थी, जबकि नंदलाल की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
उसके बाद से तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू और फाजिलनगर के व्यापार मंडल की अगुवाई में व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर आंदोलन कर रहे थे। वे गोली मारने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। तीसरे दिन सोमवार को एएसपी हरिगोविंद फाजिलनगर जूनियर हाईस्कूल के मैदान में पहुंचे, जहां आंदोलन चल रहा था। उन्होंने चार दिनों के भीतर घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया। उन्होंने बताया कि रविवार को बदमाशों से हुई मुठभेड़ में कुछ सुराग मिले हैं।
आंदोलन के दौरान पूर्व विधायक विश्वनाथ सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, महामंत्री व्यास सिंह, फाजिलनगर प्रधान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, ओमप्रकाश उर्फ उमा सिंह, सपा के विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामानंद गुप्ता, दिलीप जायसवाल, मनोज सिंह, पल्टन यादव, नरेंद्र यादव, धीरज सोनी, बिजली कर्मचारी नेता राहुल सिंह, पावा विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंह, धीरज सोनी सहित कई लोग मौजूद थे।