ट्रक से कुचलकर बहन की मौत, भाई बचा
घटना से मायके और ससुुराल में कोहराम
सड़क किनारे खड़े होकर रहे थे वाहन की प्रतीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
तुर्कपट्टी। धुनवलिया गांव के सामने हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट से बहन की मौत हो गई। जबकि भाई बाल-बाल बच गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना से ससुराल और मायके में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कसया क्षेत्र के गांव हेतिमपुर मठिया निवासी 25 वर्षीय रेनू गौड़ पत्नी वीरेंद्र गोंड़ अपने मायके तुर्कपट्टी क्षेत्र के महासोन में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। शुक्रवार दोपहर छोटे भाई जितेंद्र उसे बाइक से ससुराल छोड़ने जा रहा था। धुनवलिया फोरलेन क्रासिंग के किनारे बाइक खड़ी कर बहन के लिए वाहन की प्रतीक्षा करने लगा। उसी बीच फाजिलनगर की तरफ से गुजरा तेज रफ्तार ट्रक रेनू तथा बाइक को रौंदते हुए निकल गया। घटना स्थल पर ही रेनू की मौत हो गई तथा बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। जितेंद्र बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही मधुरिया चौकी प्रभारी पीएन सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। कसया पुलिस ने क्षेत्र के गोपालगढ़ फोरलेन पर ट्रक और चालक को पकड़ कर तुर्कपट्टी पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना के बाद महिला के मायके से लेकर ससुराल तक कोहराम मच गया। चौकी इंचार्ज पीके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलते केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।