बालू लदी दो ट्रैक्टर ट्राली सीज
रामकोला। बुधवार को अवैध बालू लदी दो ट्रैक्टर टाली रामकोला पुलिस ने पकड़कर सीज कर दिया। इसके बाद थाने पर पहुंचे प्रधानों ने पुलिस से ट्रैक्टर ट्राली छोड़ने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नही सुनी।
रामकोला क्षेत्र के रगड़गंज, सुअरहा, सिधावट, खोटही, पगार, पुरैनी, बड़हरा लक्ष्मीपुर में छोटी गंडक से अवैध बालू खनन हो रहा है। प्रधानों ने शौचालय निर्माण में बालू के उपयोग का जिक्र किया। यहां तक कहा कि जो बालू माफिया हैं, उन पर लगाम नहीं कसा जा रहा है जबकि शौचालय निर्माण के लिए बालू ले जाया जा रहा है तो उसे पकड़ लिया जा रहा है। खोटही, देवरिया बाबू, हनुमानगंज, रामपुर बगहा के प्रधान प्रतिनिधियों ने ट्राली पर लदे बालू को शौचालय बनाने के लिए इस्तेमाल करने की बात कहकर छोड़ने की मांग की, लेकिन पुलिस ने अवैध खनन की बात कहते हुए छोड़ने से इंकार कर दिया। प्रधान प्रतिनिधि जितेन्द्र सिंह, बैजनाथ साहनी, संतोष राय, गोरख प्रसाद ने चेतावनी दी कि जब तक गांव में प्रशासन बालू उपलब्ध नहीं कराएगा, तब तक प्रधान गांवों में शौचालय नहीं बनवाएंगे।