पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खड्डा बुजुर्ग गांव में बृहस्पतिवार की रात देवकी नंदन तिवारी के घर में चोरी हो गई। हालांकि, रात लगभग दो बजे परिवार के ध्रुव नारायण की नींद टूटी और खटपट सुनकर शोर मचाया, लेकिन चोर माल समेट कर भागने में कामयाब रहे।
पीड़ित के मुताबिक आभूषण और कपड़े मिलाकर चोर लगभग दस लाख रुपये का सामान चुरा ले गए हैं।
बृहस्पतिवार की रात में लगभग दो बजे ध्रुव नारायण तिवारी लघुशंका के लिए घर से बाहर आए तो खटपट की आवाज सुनाई पड़ी। बरामदे में वृद्ध देवकी नंदन तिवारी सो रहे थे।
आशंकित ध्रुव ने जिस तरफ खटपट की आवाज हुई थी उस दिशा में टार्च जलाया तो घर के दक्षिण खेत से कुछ लोगों को भागते देखा। वहां पहुंचकर देखा कि आधा दर्जन ट्रंक और सूटकेस
टूटे पड़े हैं। घर के ठीक पीछे
भी कुछ ट्रंक और सूटकेस टूटे और खाली मिले। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और चोरों की तलाश करने लगे लेकिन कोई नजर नहीं आया। चोरों ने घर में रखे दो आलमारियों का भी ताला तोड़ कर उनमें रखा सामान चुरा लिया था।
ध्रुव मकान में निर्माण कार्य करा रहे हैं। चोर घर के दक्षिणी हिस्से के जंगले की जाली काटकर घुसे थे। गैलरी का दरवाजा भीतर से बंद करने के बाद चोरों ने आलमारियों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे आभूषण चुरा ले गए।
गैलरी और कमरों में रखे ट्रंक और सूटकेस घर से बाहर निकाल लिया और ताले तोड़ कर उनमें रखे आभूषण कपड़े ले गए।
पीड़ित ने घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह कोतवाली से पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में चोरी की घटना की तहरीर दे दी है।