लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ता
पांच एमवीए का बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब, तीन माह से परेशान हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुबेरस्थान। बाजार के विद्युत उपकेंद्र में लगा पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने की वजह से उसे उसी हाल में छोड़ दिया गया है। उसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इस ट्रांसफॉर्मर के कनेक्शन का पूरा भार 10 एमवीए के एक अन्य ट्रांसफॉर्मर पर डाल दिया गया है। इससे उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले करीब 130 गांवों के 15 हजार उपभोक्ता लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।
कुबेरस्थान विद्युत उपकेंद्र में एक वर्ष पूर्व तक पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मरों से कुबेरस्थान, सिकटा तथा पिपरा जटामपुर फीडर के 130 गांवों में करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती थी। इसके चलते दोनों ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड में रहते थे। उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने के लिए पांच एमवीए के एक ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि कर 10 एमवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया। इसके बाद उस 10 एमवीए के नए ट्रांसफॉर्मर से सिकटा और पिपराजटामपुर फीडर को और पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर से कुबेरस्थान फीडर को जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। इससे उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या काफी हद तक कम हो गई थी, लेकिन तीन माह पूर्व पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी इसे ठीक करने की कोशिश किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसे ठीक करने या उसकी जगह नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की बजाए पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर को बंद कर तीनों फीडरों को दस एमवीए के ट्रांसफॉर्मर से ही जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। उसके बाद से उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
कुबेरस्थान के व्यवसायी ओमप्रकाश गुप्ता, सुरेश जायसवाल, दिनेश जायसवाल, सोनू जायसवाल, बतरौली के निजामुद्दीन अंसारी, घनश्याम प्रसाद, उमेश सहित कई लोगों ने बताया कि तीन महीने से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन विद्युत निगम के अभियंता इसमें कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में कुबेरस्थान विद्युत उपकेंद्र के जेई शैलेश यादव ने का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर में आई तकनीकी खराबी से उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। जैसे ही व्यवस्था बनती है, उसे ठीक कराकर या उसके स्थान पर दूसरा ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराकर उपभोक्ताओं की लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।