पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में शरीर रोशनी के शरीर पर 29 जगह मिला चाकू के जख्म के निशान
पडरौना। हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव निवासी रोशनी की हत्या बंद कमरे में प्रेमी ने बेरहमी से किया। गला रेतने के बाद उसके शरीर पर 29 जगह चाकू से गोदने के निशान मिले हैं। बुधवार को पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट देखने से प्रतीत हो रहा है कि युवती के शरीर पर चाकू से तब तक वार किया है, जब तक मौत नहीं हो गई।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के झांगा गांव निवासी सुजीत और बेलवा सुदामा गांव निवासी रोशनी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी सुजीत ने बताया कि रोशनी से शादी तय थी, परिजन भी तैयार थे लेकिन रोशनी के घर वालों ने उसकी शादी दूसरे से तय कर दी और हमसे झूठ बोल रहे थे। रोशनी को लगातार फोन करने पर बात नहीं कर रही थी।
वेटिंग में फोन जाने के बाद कॉल बैक भी नहीं कर रही थी। इससे नाराज होकर मैं बंगलूरू से सीधे रोशनी के घर पहुंचा और उसकी हत्या कर दी। सूत्रों की माने तो सुजीत को घर में जाते हुए परिवार के किसी सदस्य ने नहीं देखा। कमरे से निकली चीख सुनकर लोग पहुंचे लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। लोग दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज दे रहे थे लेकिन सुजीत दरवाजा नहीं खोल रहा था। परिजन को यह अंदाजा नहीं था कि सुजीत रोशनी की बेरहमी से हत्या कर देगा। एएसपी डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि युवती की हत्या आरोपी ने बेरहमी से की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।