नामांकित विद्यार्थियों को आसपास के मान्यता प्राप्त विद्यालय या परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश
लक्ष्मीगंज। रामकोला बीईओ ने बुधवार को क्षेत्र के तीन निजी प्राथमिक विद्यालयों की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय संचालकों से स्कूल की मान्यता के प्रपत्र मांगे लेकिन वे दिखाए नहीं सके। बीईओ ने तीनों विद्यालयों को बंद करा दिया। वहीं विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों को मान्यता प्राप्त विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश दिया।
रामकोला बीईओ डॉ. प्रभात राय ने बताया कि बुधवार को वे सबसे पहले रामबर बुजुर्ग स्थित रूद्रांश पब्लिक स्कूल की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय की मान्यता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने केडी पब्लिक स्कूल धनौजी खास और जेनियस प्ले वे स्कूल टेकुआटार की जांच की। जांच के दौरान इन विद्यालयों की भी मान्यता नहीं मिली। इसको गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने इन तीनों विद्यालयों को बंद कराते हुए वहां नामांकित विद्यार्थियों को आसपास के मान्यता प्राप्त विद्यालय या परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश दिया। ईओ ने विद्यालय संचालकों को चेताया कि यदि दोबारा विद्यालय का संचालन होती मिला तो विधिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।