कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक करते डीएम एस.राजलिंगम।
- फोटो : KUSHINAGAR
‘आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर करें कार्रवाई’
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की
पडरौना। आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम एस. राजलिंगम ने की। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का पालन सख्ती से कराएं। यदि कोई इसका उल्लंघन करे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
डीएम ने कहा कि जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। एमसीसी टीम में लगे हुए सभी प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी निर्धारित समय अवधि के भीतर समस्त होर्डिंग आदि तत्काल हटवाएं। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में छठे चरण में चुनाव होना है। इसलिए अपने अपने कार्य के संबंध में तत्काल कार्यवाही प्रारंभ करें और उसे समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने जनपद में अधिक से अधिक मतदान कराने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पूरा प्रयास करने पर जोर दिया।
इस बैठक में सीडीओ अनुज मलिक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवीदयाल वर्मा, सभी एसडीएम, जिला सूचना अधिकारी कृष्ण कुमार व अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद थे।