प्रभारी चिकित्साधिकारी ने पांच डॉक्टरों समेत आठ को किया अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। ओपीडी में निर्धारित समय से न पहुंचने वाले हाटा सीएचसी के पांच डॉक्टरों सहित आठ को प्रभारी चिकित्साधिकारी ने शनिवार को हाजिरी रजिस्टर में अनुपस्थित कर दिया। ओपीडी में डॉक्टरों के समय से न बैठने की खबर अमर उजाला में शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। इसके बाद सक्रिय हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी ने शनिवार को ओपीडी का निरीक्षण किया।
हाटा सीएचसी की ओपीडी में शनिवार को भी सुबह नौ बजे तक डॉक्टर कक्ष में नहीं बैठे थे। इससे नाराज प्रभारी चिकित्साधिकारी ने उपस्थिति पंजिका मंगाकर पांच डॉक्टरों सहित आठ स्वास्थ्य कर्मचारियों को अनुपस्थित कर दिया। उन्होंने एक दिन पहले ही सभी कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित होने का निर्देश दिया था। फिर भी इसका कर्मचारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। अप्रैल से सितंबर माह तक सरकारी अस्पतालों की ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक निर्धारित है, फिर भी डॉक्टर समय से अपने कक्ष में नहीं बैठ रहे हैैं।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एलबी यादव ने बताया कि सभी कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी के समय के हिसाब से उपस्थित होने के निर्देश दिया गया है। जो लोग भी लापरवाही करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। शनिवार को निरीक्षण में अनुपस्थित मिले पांच चिकित्सकाें समेत आठ कर्मियों को अनुपस्थित किया गया है।