पेड़ की टहनी काटते समय गिरा युवक, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
जटहां बाजार। थाना क्षेत्र के पखनहां गांव के निवासी 30 वर्षीय एक युवक मंगलवार की दोपहर में अपने खेत में पेड़ की टहनी काटते समय गिर पड़ा। जब तक परिजन वहां पहुंचे, युवक की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पखनहां गांव के निवासी विक्रम खरवार का 30 वर्षीय पुत्र चंदन गांव के चौराहे पर ठेला लगाकर पकौड़ा बेचता था।
मंगलवार को दिन के करीब 11 बजे सुगौली चौराहे के पास अपने खेत में शीशम के पेड़ पर चढ़कर टहनियों की छटाई कर रहा था। इसी बीच पेड़ से गिर गया। कुछ लोगों के पहुंचने तक वह बेहोश पड़ा था। सूचना पाकर परिजन पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चंदन की एक साल पहले ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। परिजन युवक का अंतिम संस्कार कर दिए। इस संबंध में प्रभारी एसओ राजकुमार वर्मा ने बताया कि इस तरह की जानकारी नहीं मिली है। पता कराया जा रहा है।