कैदी वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
कसया नगर में हुई दुर्घटना, वाहन को पुलिस ने कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे कसया नगर में कैदी वाहन के पहिए के नीचे आ जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। चालक ने कुछ दूर आगे जाकर वाहन खड़ा कर दिया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है।
नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 15 वीर सावरकर नगर (सबया) निवासी 75 वर्षीय पूर्व शिक्षक मुंसफ अली रोज की भांति साइकिल से मार्निंग वॉक पर निकले थे। प्रतिदिन वह गांधी चौक शिवमंदिर के समीप अपने मित्र की दुकान पर बैठते थे, फिर घर जाते थे। सुबह लगभग 10 बजे वह उसी दुकान से निकलकर साइकिल लेकर आगे बढ़े कि पडरौना से कैदियों को लेकर देवरिया जा रहे जेल वाहन ने उन्हें रौंद दिया। मौके पर ही पूर्व शिक्षक की मौत हो गई। जिस वाहन से यह दुर्घटना हुई, उसे लेकर चालक तत्काल तो मौके से भाग गया पर देवरिया मार्ग पर सिसवा महंथ गांव के समीप जाकर चालक ने वाहन खड़ा कर दिया। उसे बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।