पेट्रोल और डीजल रखी दुकान में लगी आग
- फाजिलगर की घटना, कई अन्य दुकानें भी जलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। नगर के जूनियर हाईस्कूल के पास पेट्रोल-डीजल रखी एक दुकान में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से कई अन्य दुकानें जल गईं। दुकानदारों की दो बाइक भी आग में जल गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रविवार को दिन के लगभग तीन बजे कस्बे के जूनियर हाईस्कूल के बगल में बड़ी नहर के पास अचानक आग लग गई। वहां दो पेटी डीलरों की डीजल की दुकानें होने के चलते आग ने अचानक से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की जानकारी होने पर कस्बे के लोग मौके पर पहुंचकर बुझाने का प्रयास करने लगे। डीजल से भरे ड्रमों से आग की लपटें तेज हो गईं। जिसके चलते लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। इसी दौरान डीजल से भरे ड्रम एक-एक कर विस्फोट करने के बाद आग विकराल रुप ले लिया। सूचना के लगभग एक घंटा बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान वहां स्थित कई दुकानें जलकर नष्ट हो चुकी थी। इस घटना में सतीश सिंह व पप्पू गुप्ता की डीजल की दुकान, पवन ठाकुर की पान की दुकान, राजेंद्र की सैलून की दुकान, गौरी शर्मा, रामलाल की होटल की दुकान व बाइक, विनोद पासी, मुकेश, अखिलेश की ठेले पर लगे फल, सब्जी, मीट की दुकानें जल गई। एसओ पटहेरवा सुनील कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक नंदलाल पाठक सहित पुलिस और राजस्व विभाग के लोग मौजूद थे।
00000
दो माह पहले ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने किया था आगाह
फाजिलनगर। विगत तो माह पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बीच कस्बे से पहले ही किसी अनहोनी को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए बंद करने को कहा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आग लगने के बाद तमकुहीरोड से अग्निशमन दस्ते को आने मे एक घंटा लग गया। जिससे उसे राख बुझाने का ही मौका मिला। इसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश दिखा। मुआवजे की मांग भी उठी। मौके पर समाजवादी नेता शशिकांत उर्फ भगवान सिंह, हिंदू महासभा के डॉ. कमलेश शाही, भाजपा नेता पुरुषोत्तम गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, महामंत्री व्यास सिंह, धीरज गुप्ता, सोनू जायसवाल, व्यापारी नेता दिलीप जायसवाल ने मुआवजे की मांग की। भाजपा नेता डॉ. पीएन राय ने मौके पर पीड़ितों का हाल जाना व हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।