कंवर्जन ग्रांट की 50 फीसदी धनराशि भेजी गई
- परिषदीय विद्यालयों में हैंडवॉश समेत अन्य वस्तुओं की होगी खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में शुद्ध पेयजल और हैंडवॉश समेत अन्य वस्तुओं की खरीदारी के लिए कंवर्जन ग्रांट की 50 फीसदी धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजी गई है। पहली किस्त 4 करोड़ 72 लाख 25 हजार रुपये भेजी गई है। शेष धनराशि भी स्कूलों में शीघ्र भेजने की तैयारी है।
जिले में कुल 2,464 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। इन विद्यालयों में मल्टीपल हैंडवाश, शुद्ध पेयजल, मेडिकल किट, क्लास रूम में टाइल्स समेत अन्य छोटे-बड़े कार्यों या खरीदारी के लिए सरकार की तरफ से विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में कंवर्जन ग्रांट के रूप में धनराशि दी जाती है। एक से 30 छात्र संख्या वाले 55 स्कूलों में दस-दस हजार, 31 से सौ छात्र संख्या वाले 1189 स्कूलों में 25-25 हजार, 101 से ढाई सौ छात्र संख्या वाले 1084 विद्यालयों में 50-50 हजार रुपये और 251 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में 75-75 हजार रुपये कंपोजिट ग्रांट के रूप में दिए जाने हैं।
इसके तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में नौ करोड़ 44 लाख 50 हजार रुपये कंपोजिट ग्रांट की धनराशि दी जानी है। इसमें से पहली किस्त के रूप में कुल धनराशि के 50 प्रतिशत कुल 4 करोड़ 72 लाख 25 हजार रुपये भेजी गई है। विभाग की तरफ से शेष धनराशि भी शीघ्र भेजने की तैयारी की जा रही है।
जिला समन्वयक (निर्माण) गौरव पांडेय ने बताया कि जिले के परिषदीय विद्यालयों में गठित विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में कंवर्जन ग्रांट का नौ करोड़ 44 लाख 50 हजार रुपये इस वर्ष भेजी जानी है। यह धनराशि विद्यालय में उपलब्ध छात्र संख्या के आधार पर दी जाती है। कुल धनराशि में से पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ 72 लाख 25 हजार रुपये भेजी गई है। शेष धनराशि भेजने की तैयारी की जा रही है।