पुलिस से नाराज अधिवक्ता लडे़ंगे आरपार की लड़ाई
अधिवक्ता के घर हुए तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई न होने से हैं नाराज
छह अक्टूबर से ही न्यायिक कार्य से विरत रह कर जता रहे हैं विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। अधिवक्ता के घर हुए तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कुशीनगर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ता न्यायकि कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि इस मामले में कार्रवाई नही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
एसोसिएशन के महामंत्री पं. दीप नारायण मणि त्रिपाठी ने कहा कि चार अक्टूबर को अधिवक्ता विनोद कुमार जायसवाल के घर कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड की थी। इस मामले में कार्रवाई के लिए एसोसिएशन की तरफ से तत्काल एसडीएम व एसओ कसया को कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र दिया गया। आरोप है कि करीब छह दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे नाराज अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दिया। छह अक्टूबर से अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर जिले के सभी अधिवक्ता आंदोलन और तेज करेंगे। इस दौरान रविंद्र मणि, राकेश तिवारी, विष्णुशरण शर्मा, अमित मणि त्रिपाठी, गिरीश राय, एकलाख अहमद लारी, बच्चा त्रिपाठी, रामनगीना सिंह, सच्चिदानंद उपाध्याय, विनोद कुमार गौतम, अशोक यादव, विपिन तिवारी, रणजीत कन्नौजिया, सचिन राज चतुर्वेदी, वाल्मिकी राय, पुरुषोत्तम प्रजापति आदि मौजूद रहे।