पीईटी में 3483 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
- पीईटी के लिए 25 केंद्रों पर पंजीकृत थे कुल 25741 परीक्षार्थी
- प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट व तीन से चार केंद्र पर तैनात थे एक मजिस्ट्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले में मंगलवार को पीईटी (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) की परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई इस परीक्षा में 25741 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 22258 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3483 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस परीक्षा की सुचिता बनाए रखने और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से पूरी चौकसी बरती गई। परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया था।
मंगलवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हुई। परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले ही प्रवेश दिया गया। प्रथम पाली की परीक्षा में जिले के सभी केंद्रों पर 12923 पीईटी के परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 11276 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1647 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दोपहर दो बजे से शुरू हुई दूसरी पाली की परीक्षा में जिले के 25 केंद्रों पर 12818 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 10982 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1836 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। जिन परीक्षा केंद्रों पर पांच सौ से अधिक परीक्षार्थी थे, वहां अलग से एक सहायक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। पेपर ले आने और उत्तर पुस्तिका ले जाने की जिम्मेदारी केंद्र पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट रहे। इसके अलावा तीन से चार परीक्षा केंद्रों पर एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक गतिविधि की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जा रही थी। केंद्र पर शांति व्यवस्था और परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए भारी मात्रा में पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे।
बारिश शुरू होने से परीक्षार्थी रहे परेशान
कुशीनगर के बुद्घ इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे गोरखपुर जिले बांसगांव के अमन कुमार गुप्ता ने कहा कि परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करूंगा। कोई दिक्कत नहीं हुई है। हालांकि बारिश में भीगने की बात बताई।
मऊ से आई लक्ष्मी सिंह कहा कि परीक्षा में यहां पहुंचने के लिए ट्रेन से देवरिया आई। परीक्षा में पूछे गए कुछ कठिन तो कुछ सरल भी थे।
बुद्ध इंटर कॉलेज में गोरखपुर से कौशल पांडेय ने कहा कि परीक्षा में व्यवस्था बहुत ठीक रही। बेहतर अंक हासिल करने की उम्मीद है।
बड़हलगंज से सुमित कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोई कठिनाई नहीं हुई है। लेकिन रास्ते में हुई बारिश से दिक्कत हुई है। अच्छा अंक मिलेगा।