आयोग के भेजे वीडियो फुटेज पर जांच के लिए पहुंचे प्रेक्षक और एडीएम
- प्रधानाचार्य ने संदिग्ध दो कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ पुलिस को सौंपी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया (कुशीनगर)। बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर में दूसरे पाली में चल रही प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पेट) में दो कक्ष निरीक्षक संदिग्ध गतिविधियों में सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए। इनकी संदिग्धता लखनऊ से परीक्षा की मानीटरिंग कर रही आयोग की टीम ने पकड़ा। आयोग ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी। इसके बाद प्रेक्षक शेषमणि पांडेय व एडीएम विंध्यवासिनी राय कॉलेज पहुंचकर आयोग की तरफ से भेजे गए फुटेज और कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज से मिलान किए और संदिग्ध देख जांच के आदेश दिए।
मंगलवार को जिले के 25 केद्रों पर पीईटी की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। इसमें बुद्ध इंटर कॉलेज भी शामिल था। सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग लखनऊ बैठी आयोग की टीम कर रही थी। कॉलेज के कक्ष संख्या-26 में दो कक्ष निरीक्षक नियुक्त थे। इसमें परिषदीय विद्यालय के अध्यापक धर्मेंद्र गोंड और बुद्ध इंटर कॉलेज के प्रवक्ता लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी कर रहे थे। आयोग को एक कक्ष निरीक्षक पर एक अभ्यर्थी के पास बार-बार जाकर ठहरने पर संदेह हुआ। तत्काल आयोग की टीम ने इसका वीडियो फुटेज तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा। मामले की जानकारी होते जिला प्रशासन हरकत में आया। मौके पर प्रेक्षक एडीएम के साथ इस केंद्र पर पहुंचे और आयोग की तरफ से भेजे गए फुटेज को कॉलेज के फुटेज से मिलान किया। इसमें मामले की पुष्टि हुई।
इस संबंध में एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर प्रधानाचार्य डॉ. रितेश चौधरी ने आरोपी कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।