सीएम आरोग्य मेला में 2744 रोगियों का हुआ इलाज
पडरौना। जिले के 52 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 1115 पुरुष, 1169 महिलाएं और 460 बच्चों समेत कुल 2744 रोगियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला जिले के सभी 52 स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित हुआ। इसमें 1115 पुरुष, 1169 महिलाएं और 460 बच्चे समेत कुल 2744 रोगियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में श्वांस के कुल 307 रोगी, पेट के 240, बुखार के 214, मधुमेह के 161, त्वचा के कुल 369, टीवी के कुल सात संभावित रोगी, रक्त अल्पता के 39 तथा उच्च रक्तचाप के कुल 66 रोगी लाभान्वित हुए। अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के रोगी भी देखे गए। स्वास्थ्य मेला के दौरान 130 आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में लोगों को बताया गया। इस कार्य में जिले के कुल 174 चिकित्सक और 379 पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया था।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ठाड़ीभार गांव स्थित सीएचसी में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजित हुआ। इसमें 87 मरीजों का पंजीकरण हुआ।
स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का उद्देश्य एक ही छत के नीचे लोगों को अधिकाधिक स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच, उपचार और दवाएं आदि उपलब्ध कराना है। दुदही सीएचसी अधीक्षक डॉ. एके पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य मेला में 87 लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ।
इस दौरान डॉ. बृजेंद्र, एलटी राहुल सिंह, नयरे आजम, कृष्णा यादव, हरमून प्रसाद, पिंकी सिंह, डॉ. नाजिया सुल्ताना, अल्ताफ़, प्रियंका गौंड़ आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर में पांच सौ लोगों का हुआ इलाज
कसया। आरएसएस के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती की ओर से रविवार को कृषक इंटर कालेज मल्लूडीह में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 500 से अधिक लोगों को परामर्श व दवाइयां दी गईं।
इस शिविर में डॉ. मनोज कुमार जैन, डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, डॉ. गोविंद कुमार, डॉ. अनामिका गुप्ता, डॉ. शिप्रा, डॉ. जावेद, डॉ. प्रदीप ने पेट की बीमारी, न्यूरो संबंधी बीमारियां, सामान्य स्वास्थ्य, त्वचा रोग, नाक-कान एवं गले की परेशानी, बच्चों से संबंधित सांस एवं अन्य प्रकार की बीमारियों का उपचार किया गया। गंभीर रूप से बीमार लोगों को सीएचसी में विशेषज्ञ से दिखाने की सलाह दी। सेवा भारती स्वास्थ्य आयाम के अध्यक्ष डॉ. रामप्रीत मणि त्रिपाठी व जिला संघ चालक डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि सेवा भारती स्वास्थ्य आयाम भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करेगा। सेवा भारती स्वास्थ्य आयाम के पयोदकांत मिश्र ने कहा कि संगठन का यह प्रयास लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में कारगर साबित होगा।
इस दौरान देवेंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र गुप्ता, घनश्याम जायसवाल, राजन जायसवाल, योगेश, सचिन, सुरेंद्र पांडेय, गोविंद चतुर्वेदी, नीलेश, पिंटू सोनी, अंकुर, सर्वज्ञ, राज, मानस, सर्वेश गुप्ता, वीरेंद्र मिश्र, सिद्धेश्वर शाही आदि मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने किया आरोग्य मेले का उद्घाटन
पडरौना। नगर के गायत्रीनगर मोहल्ले में संचालित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। उद्घाटन उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष लालबाबू वाल्मीकि ने किया। यहां विभिन्न बीमारियों के 110 लोगों का उपचार कर दवा दी गई।
बतौर मुख्य अतिथि लालबाबू वाल्मीकि ने कहा कि आरोग्य मेले के आयोजन का सरकार का उद्देश्य सभी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधाएं गांव-शहर के नजदीक उपलब्ध कराने का है। ताकि प्राथमिक स्तर की चिकित्सा सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि गायत्रीनगर में यह अस्पताल आ जाने से मरीजों को मदद मिल रही है। अब उन्हें या एंबुलेंस को जाम में फंसना नहीं पड़ता है।
इस दौरान डॉ. उमर जमा, डॉ. सुभाष प्रसाद, फार्मासिस्ट आशुतोष राय, कोआर्डिनेटर गंगेश कुमार, एलटी चंदन मद्धेशिया, स्टॉफ नर्स, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थीं।