कुशीनगर। फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र के पटहेरवा फीडर से जुड़े गांवों के उपभोक्ता लो वोल्टेज व अघोषित कटौती से परेशान हैं। बिजली रहने पर भी उपकरण ठीक से कार्य नहीं कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अफसरों से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
पटहेरवा फीडर से जुड़े गांव धनौजी, कुचिया मठिया, अहलादपुर, महुअवा, बैरगही, पटहेरवा, सहदौली, नरायनपुर, बलुआ, बसंतपुर, महरू टोला, पिपरा कनक, गगलवा, चैनपट्टी, बिहार बुजुर्ग, मंगुरी पट्टी, मीर बिहार, बोदा टोला, मठिया, करजहां, बसडीला महंथ आदि के उपभोक्ता कई महीने से लो वोल्टेज के समस्या से जूझ रहे हैं। विद्युत उपभोक्ता हसीबुल्लाह, मुहम्मद जहीर, नौशाद आलम, सेराज अहमद, तंजीर आलम, प्रेमचंद्र चौरसिया, मुहम्मद खुर्शीद आलम, शिव प्रसाद, मुहम्मद वहीद, हैदर कादरी, अमीर आलम, राकेश शर्मा आदि का कहना है कि लो वोल्टेज के चलते पंखा, मोटर, कूलर आदि कार्य नहीं कर रहे हैं। एक तो वैसे ही सिर्फ 6 से 8 घंटे बिजली मिल रही है, उस पर से लो वोल्टेज के चलते दिक्कत और बढ़ गई है। इस संबंध में फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र के जेई अरविंद त्रिगुणायक का कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। यह समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी।