कुशीनगर। फाजिलनगर सब्जी मंडी मुहल्ले में जिला परिषद की जमीन पर छप्पर डालकर रहने वाले मुसहरों ने मुख्यमंत्री व विधायक के अलावा उच्चाधिकारियों को पत्रक सौंपकर जमीन खाली नहीं कराने की मांग की है। मुसहर समाज के लोगों का कहना है कि जमीन खाली करने के बाद उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
फाजिलनगर सब्जी मंडी मुहल्ले में रहने वाले मुसहर समाज के जगरनाथ, विंदेश्वरी, श्रीकिशुन, बुनेली, बुधिया, मुकेश, जयश्री आदि का कहना है कि वे लोग यहां 60 वर्षों से छप्पर व पालीथिन डालकर जीवन यापन करते आ रहे हैं। अब उन्हें जमीन खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है। मुसहरों का कहना है कि नोटिस का अनुपालन किया गया तो वे बेघर हो जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, डीएम आंद्रा वामसी व एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल को पत्रक सौंपकर मदद मांगी है। विधायक गंगा सिंह कुशवाहा का कहना है कि इन लोगों के पास वहां निवास करने का कोई अधिकृत प्रमाण पत्र नहीं है। सरकार की तरफ से सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने का आदेश दिया गया है। इसी कड़ी में इन लोगों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया गया है। विधायक ने बताया कि उन्होंने डीएम और आयुक्त गोरखपुर को पत्र भेजकर बरसात बाद कार्रवाई के लिए आग्रह किया है।