17 से 19 नवंबर तक होगी सांसद खेल स्पर्धा
कुशीनगर। जिले में 17 से 19 नवंबर तक सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। इसकी सफलता के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद की मौजूदगी में जनपद स्तरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई।
इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपने हुनर का प्रदर्शन करने के लिए सांसद खेल स्पर्धा 17 से 19 नवंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर प्रारम्भ की जाएगी। न्याय पंचायत स्तर के विजयी खिलाड़ियों की स्पर्धा 23, 24 एवं 25 नवंबर को सभी विकास खंड स्तर पर होगी। इसी प्रकार जनपद स्तर ( लोकसभा स्तर पर) पर 29 एवं 30 नवंबर को प्रतियोगिता आयोजित होगी।
सांसद ने जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी और सभी संबंधित लोगों को कार्यक्रम सफल बनाने के लिए शीघ्र कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त कार्यक्रम स्थलों की सूची सहित खिलाड़ियों व टीमों की सूची दो दिन के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सांसद ने बताया कि एथलेटिक, दौड़ प्रतियोगिता, फुटबॉल, वॉलीबाल, क्रिक्रेट सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए न्याय पंचायत स्तर तक कार्यक्रम के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नामित होंगे। इसके प्रचार-प्रसार के लिए समस्त बीडीओ को 15 नवंबर को विद्यालय के बच्चों की भव्य रैली निकालने का निर्देश दिया।
इस बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि वरुण राय, धीरज पाठक, निखिल उपाध्याय, चंद्र प्रकाश चमन, पीडी, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी आदि मौजूद थे।