मनौरी ओवरब्रिज पर हादसे में युवक की मौत, चक्काजाम
ओवरब्रिज पर बन रहे व्यू कटर के लिए रखे जनरेटर से टकराने से हुआ हादसा
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के मनौरी बाजार स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात एक बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया। पुल पर व्यू कटर बनाने के लिए रखे गए जेनरेटर से टकराने से युवक की मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद घर आए शव को लेकर परिजनों ने मनौरी पूरामुफ्ती मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्थानीय पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम को हटवाया है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के गोहमलवा निवासी शिवलोचन (35) मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। इन दिनों वह मनौरी बाजार के एक व्यापारी के यहां बूंदी बनाने का काम करता था। शुक्रवार की रात वह घर से खाना खाकर बूंदी बनाने के लिए बाइक से मनौरी बाजार जा रहा था। जैसे ही वह मनौरी रेलवे ओवरब्रिज पहुंचा, तभी वहां पर व्यू कटर बनाने के लिए रखे गए जेनरेटर से टकरा गया। इससे शिवलोचन की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को जब हादसे की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने मनौरी- पूरामुफ्ती मार्ग पर शव रखकर सड़क चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर आवागमन शुरू कराया।