कोतवाली के पल्टीपुर गांव निवासी एक युवक का संदिग्ध हालत में घर के अंदर फंदे पर लटकता शव मिला। घटना की जानकारी से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका।
पल्टीपुर निवासी अनिल कुमार जायसवाल (25) शहजादपुर रोड पर बने अपने घर के एक कमरे में रेडीमेड कपड़ों की दुकान का संचालन करता था। रोज की तरह रविवार सुबह भी उसने दुकान खोली। दोपहर बाद अनिल का शव घर के पीछे बने कमरे में नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग बिलखने लगे।
अनिल की खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका। चर्चा रही कि अनिल की शादी नहीं हुई थी। इलाके के एक युवती से उसकी दोस्ती थी। इस दोस्ती का परिवार के लोग विरोध कर रहे थे। माना जा रहा है इसी कारण अनिल ने खुदकुशी की। इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद सिंह का कहना है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ट्रेन से कटकर युवती की मौत
कोखराज कोतवाली के शुजातपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक युवती का रेलवे लाइन पर शव मिला। रेलवे लाइन की तरफ नित्यक्रिया के लिए गए लोगों ने शव देखा तो जीआरपी सिराथू को खबर दी। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव ट्रैक से हटाया। छानबीन के दौरान पता चला कि युवती क्षेत्र के ही मियां का पूरा निवासी बड़े लाल प्रजापति की बेटी है।
रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी तो वह भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। बड़ेलाल ने बताया कि बेटी शहजादपुर के रणजीत पंडित इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। रविवार दोपहर में उसने परिवार के लोगों के साथ खाना खाया। इसके बाद बेटी रेलवे लाइन की तरफ चली गई। इस दौरान पता चला कि युवती का शव ट्रैक पर पड़ा है। जीआरपी ने परिवार के लोगों का बयान लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।