पुलिस से खबर मिलने पर मृतक के पिता व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम वह फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोस थाना क्षेत्र के बढ़ईया पुर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद पुलिस ने सुल्तानपुर घोस पहुंची। चौकी इंचार्ज ने बताया कि वहां पर छानबीन हुई तो इसमें पता चला कि इस गांव में ब्याही अपनी प्रेमिका से मिलने आया था।
ससुराल वालों ने युवक को प्रेमिका के साथ घर के पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमिका के मायके में खबर दी। वहां से उसके भाई और पिता आए। प्रेमिका के सामने ही उसके घर के एक खंभे में बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इसके बाद इलाज के नाम पर वहां से लेकर निकले और कौशाम्बी जनपद की सीमा में आकर लाश फेंक कर फरार हो गए। जिस रस्सी से युवक को बांधा गया था, उसका टुकड़ा और लाठी भी पुलिस ने प्रेमिका के घर से बरामद की है।
पिता ने कहा, साजिश के तहत बुलाकर की हत्या
मृतक के पिता राम सिंह ने आरोप लगाया कि उसके गांव के ही छेदीलाल ने साजिश के तहत अपनी बेटी के घर भेजा था। यह बात बेटा अपनी मां से बताकर गया था। फिर वहां छेदीलाल और उसके बेटे मिथुन ने बेटे की हत्या कर दी। बाद में लाश नया पुरवा के पास फेंक कर फरार हो गए।
मृतक के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मृतक की प्रेमिका से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात सामने आई है। मामले की छानबीन के साथ ही नामजद आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। - अवधेश विश्वकर्मा, क्षेत्राधिकारी, सिराथू