कौशाम्बी का सांसद कौन होगा? आज जनता का फैसला सुना दिया जाएगा। नवीन मंडी परिसर ओसा में मंगलवार की सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। नौ बजे से रुझान आने लगेगा। दोपहर तक परिणाम आने की संभावना है।
मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कौशाम्बी संसदीय क्षेत्र में मंझनपुर, चायल और सिराथू के साथ ही पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव में भाजपा के विनोद सोनकर, सपा-कांग्रेस गठबंधन के पुष्पेंद्र सरोज, बसपा के शुभनारायण गौतम समेत 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इस सीट पर पांचवें चरण के तहत 20 मई को वोट डाले गए थे। चुनाव में संसदीय क्षेत्र के 19,09,620 वोटरों के सापेक्ष सिर्फ 10,08,028 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
मतदान के बाद जिले की तीनों विधानसभाओं की ईवीएम नवीन मंडी ओसा में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गईं, जबकि कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम प्रतापगढ़ की महुली मंडी में रखी गईं हैं।
मंगलवार को एक साथ सभी मतों की गिनती कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार राय ने बताया कि त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच मतगणना कराई जाएगी। इसके लिए विधानसभावार 14-14 टेबल लगवाई गई हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम में कैद मतों की गणना होगी।
-
लॉटरी से तय होगा पांच-पांच वीवीपैट मशीनों का मिलान
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव की मतगणना लॉटरी सिस्टम की औपचारिकता से शुरू होगी। मतदान की पारदर्शिता को प्रमाणित करने के लिए प्रशासन विधानसभा क्षेत्र वार लॉटरी खुलवाएगा। प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि प्रत्येक विधानसभा से पांच-पांच पर्चियां उठाएंगे। उन्हीं बूथों के वीवीपेट और कंट्रोल यूनिट से मतदान का मिलान कराया जाएगा। जिस प्रत्याशी को वोट दिया है, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट इस बात की गवाही दे रहे हैं या नहीं। इसकी पारदर्शिता प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के सामने ही होगी।
बंद रहेंगी शराब-बीयर की दुकानें
मंझनपुर। लोकसभा सीट की मतगणना मंगलवार को होगी। चुनाव आयोग के निर्देश के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार राय ने चार जून की सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक जिले में मादक पदार्थ की बिक्री पर पाबंदी लगाई है। इसमें देसी शराब, अंग्रेजी शराब, बीयर व भांग की सभी थोक एवं फुटकर दुकानें बंद रहेंगी। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
मोबाइल-कैमरे पर प्रतिबंध
मंझनपुर। मतगणना स्थल पर प्रशासन की ओर से सख्त तैयारियां की गईं हैं। मतगणना स्थल के अंदर बगैर पास के कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। मतगणना कार्मिक, राजनीतिक दलों के एजेंट भी मोबाइल फोन, कैमरा नहीं ले जा सकेंगे। शस्त्र लाइसेंस के प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है।
-
नहीं निकाल सकेंगे विजय जुलूस
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव में जीतने वाले प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। आयोग ने किसी भी प्रकार के जश्न पर पाबंदी लगा रखी है। इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनावी समर में किस्मत आजमाने वाले उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी-विनोद सोनकर
सपा गठबंधन-पुष्पेंद्र सरोज
बहुजन समाज पार्टी-शुभनारायण
अपना दल कमेरावादी-नरेंद्र सरोज
मानवतावादी समाज पार्टी-राम आसरे
भारतीय शक्ति चेतना पार्टी-रामेश्वर प्रसाद
बहुजन मुक्ति पार्टी-राजेंद्र सोनकर उर्फ पन्ना भइया
निर्दलीय-प्रदीप कुमार, पुष्पेंद्र कुमार सरोज व संजय कुमार
-
लोकसभा चुनाव में पड़े मतों पर एक नजर
-
विधानसभा कुल मतदान पुरुष महिला
-
बाबागंज 1,59,087 (48.59) 77,087 (44.32) 82300 (53.43)
कुंडा 1,80,845 (49.48) 93,690 (48.21) 87,155 (50.79)
सिराथू 2,08,160 (53.72) 1,05,413 (51.34) 1,02,746 (56.36)
मंझनपुर 2,46,173 (57.43) 1,23,674 (54.47) 1,22,499 (60.76)
चायल 2,13,763 (53.42) 1,01,797 (47.91) 1,01,966 (54.32)
-
योग 10,08,028(52.80) 5,01,661 (49.52) 4,96,366 (55.36)