करारी कोतवाली के पिंडरा गांव में घर बेचने का विरोध करने पर एक युवक ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इलाज के लिए उसे मंझनपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पिंडरा गांव की पूजा मौर्या ने पुलिस को बताया कि वह अपने पांच साल के बेटे रुद्र के साथ मंझनपुर में रहकर एक विद्यालय में पढ़ाती हैं। आरोप लगाया कि उसका पति हीरालाल मौर्य घुमंतू किस्म का है। फिजूल खर्ची के चक्कर में उसने घर का सारा सामान व दो बीघा कृषि भूमि बेच दी। पीड़िता के मुताबिक मंगलवार को उसे जानकारी मिली कि पति घर बेच रहा है। इस पर वह शाम छह बजे घर पहुंची और पति को घर बेचने से मना करने लगी। इससे नाराज पति हीरा लाल ने लोहे की रॉड से उस पर प्राणघातक हमला कर दिया।
पूजा के मुताबिक राॅड बाईं आंख के ऊपर लगने से वह बेहोश होकर गिर गई। जेठ ने डॉक्टर को बुलाकर उसका प्राथमिक इलाज कराया। सूचना पर मायके से आए भाई ने उसे मंझनपुर के एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया है। पूजा का आरोप है कि उसका पति अभी भी उसे जान से मारने के फिराक में है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश कराई जा रही है।