चरवा कोतवाली इलाके के शेखपुर रसूलपुर गांव के दहेज लोभियों वर पक्ष ने बाइक और जंजीर की मांग पूरी नहीं होने पर तिलक से 10 दिन पहले कन्या पक्ष से सगाई तोड़ दी। बेटी की सगाई टूटने से आहत पिता ने सरायअकिल थाने में शिकायत की है। पुलिस ने दहेज लोभी दूल्हे और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरायअकिल के कादिरपुर नेवादा गांव निवासी दशरथ लाल ने बताया कि उसने बेटी मोनिका का रिश्ता चरवा के शेखपुर रसूलपुर गांव के नीरज कुमार के साथ तय किया था। बरीक्षा और गोदभराई कार्यक्रम में पौने दो लाख रुपये खर्च किए और शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दान- दहेज भी देने का वादा भी किया था। 15 अप्रैल को बेटी के तिलक का कार्यक्रम भी तय था। जिसकी तैयारी में वह लगे थे।
दशरथ के मुताबिक दो अप्रैल को होने वाले दामाद नीरज और उसकी मां कुसुम देवी ने बातचीत के लिए उन्हें अपने घर बुलाया। बातचीत करने के लिए वह अपने बड़े दामाद आशीष को लेकर शेखपुर रसूलपुर गांव गए। आरोप है वहां नीरज और उसकी मां ने अतिरिक्त दहेज में अपाचे बाइक,सोने की जंजीर और 50 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर उन्होंने बारात लाने से मना कर दिया। कहा, हम सगाई तोड़ते हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।