तथागत बुद्ध की तपस्थली कौशाम्बी के कोसम इनाम में बृहस्पतिवार को सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यमुना नदी पर बनाए जाने वाले पुल व जिले से प्रयागराज को जोड़ने वाली फोरलेन सड़क का शिलान्यास किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में कौशाम्बी को जिला तो बनाया गया लेकिन न तो खुद बसपा और न ही सपा सरकार ने तपस्थली को संवारने, संजोने की दिशा में कोई सार्थक प्रयास नहीं किया।
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह जिले के लिए न तो नेता है और न ही डिप्टी सीएम। भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं और कौशाम्बी का बेटा। जिले की जनता ने एक सांसद व तीन विधायक जिताकर सदन भेजा है। इसके लिए हम जनता के कर्जदार हैं। अब समय आ गया है कि यह कर्ज ब्याज समेत वापस किया जाए। सदर विधायक ने कोसम इनाम में वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनाए जाने की मांग की तो डिप्टी सीएम ने कार्यक्रम में मौजूद जनता से पूछा।
जनता ने वृहद गोसंरक्षण बनाने के लिए जवाब हां में आया तो डिप्टी सीएम ने डीएम को कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि जिले के विकास के लिए कई परियोजनाएं तैयार की गईं हैं। कौशाम्बी को विश्व के पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस मौके पर सदर विधायक लाल बहादुर, चायल विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष उदयन सिंह, विकास उर्फ पिंटू द्विवेदी, अकबर सिंह, नीतू चौबे, गंगा शरण मिश्र समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
kaushambi news : कौशाम्बी में परियोजनाओं का लोकार्पण करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।
- फोटो : कौशाम्बी
रोजगार के लिए उजिहिनी के मजदूरों ने डिप्टी सीएम को घेरा
मूरतगंज ब्लॉक के उजिहिनी खालसा गांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सैयद सरांवा गांव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का घेराव किया। काफिला के सामने लोगों को देख डिप्टी सीएम ने गाड़ी रोककर उनकी समस्याएं सुनीं और रोजगार योजना शुरू कराने का का आश्वासन दिया। डिप्टी सीएम के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
उजिहनी खालसा गांव की शांति देवी, सुंदरिया देवी, अनूपा देवी, छटंकी, शियारानी, रूबी देवी, रीता देवी, नीता देवी, संगीता देवी, केवतिन देवी, गुड़िया, रामकन्या, भोलानाथ, कुसुम देवी, पन्ना लाल, संतोष कुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच सालों से उन्हें मनरेगा योजना के तहत रोजगार नहीं मिला है। इससे गांव के लोग रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। कई मजदूरों का तो जाब कार्ड तक नहीं बना है। मजदूरों का कहना था कि महंगाई के इस दौर में काम नहीं मिलने से दो वक्त की रोटी जुटा पाना मुश्किल हो रहा है।
सरकार की तरफ से गांव में सौ दिनों का रोजगार देने का वादा तो किया जा रहा है, लेकिन हकीकत में एक दिन भी काम नहीं मिला है। बृहस्पतिवार को सैयद सरावां गांव में उप मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी होने पर सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। इस बीच उन्हें सुरक्षा बलों ने सड़क पर ही रोक दिया। कार्यक्रम समापन के बाद लौटते समय डिप्टी सीएम का काफिला देख मजदूर सामने आए तो उन्होंने गाड़ी रोककर उनकी समस्याएं सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को मनरेगा योजना के तहत गांव में रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत होकर अपने घर चले गए।
kaushambi news : कौशाम्बी में परियोजनाओं का लोकार्पण करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।
- फोटो : कौशाम्बी
डिप्टी सीएम ने सिराथू को दी दो और ओवरब्रिजों की सौगात
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने बृहस्पतिवार को विधानसभा सिराथू क्षेत्र के शुुजातपुर और धुमाई में स्वीकृत दो ओवरब्रिजों का शिलान्यास किया। उन्होंने क्षेत्रीय भाजपा विधायक शीतला प्रसाद पटेल एवं पार्टी तमाम नेताओं की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया। इसी के साथ डिप्टी सीएम ने 66 सड़क परियोजनाओं का भी बटन दबाकर लोकार्पण किया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या बृहस्पतिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शाम सवा पांच बजे शुजातपुर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक रीति से भूमि पूजन करने के साथ रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया। शुजातपुर में प्रस्तावित ओवरब्रिज की लागत 57.05 करोड़ रुपये होगी। यह दिसंबर 2022 तक बनकर तैयार हो जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि वह किसी परियोजना का शिलान्यास करने से पहले उसके निर्माण की अवधि सुनिश्चित करा देते हैं। शुजातपुर से तकरीबन 35 मिनट बाद सीधे कार से धुमाई पहुंचे डिप्टी सीएम ने यहां भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर 39.12 करोड़ की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज का शिलान्यास किया।
बताया कि फ्लाईओवर बनने से दोनों स्थानों पर जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही आवागमन भी सुगम होगा। इसके बाद सयांरा सर्किट हाउस में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मोदी और योगीराज में देश-प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। सात साल में मोदी जी ने देश की तकदीर एवं तस्वीर बदलने का काम किया है। पीएम मोदी आम जनता के लिए काम करते हैं। यही कारण है कि देश की जनता का उनके साथ लगातार आशिर्वाद बना हुआ है। इसी तरह सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश में माफियाराज का खात्मा हो चुका है। अपराधी कानून के डर से पलायन कर गए हैं। कहा कि सरकार ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रदेश में निवेश करने के लिए बाहर से उद्यमी आ रहे हैं।
प्रदेश में सड़कों एवं ओवरब्रिज का जाल बिछ गया है। इसके पूर्व किसी भी सरकार ने इतनी भारी संख्या में सड़क एवं पुल का निर्माण नहीं कराया है। प्रदेश सरकार ने कोरोना काल में आए संकट को भी बेहद सावधानी के साथ संभालने का काम किया है। डब्ल्यूूएचओ ने भी कारोना नियंत्रण के लिए योगी सरकार की सराहना की है। कहा कि अभी सपा मुखिया अखिलेश यादव उन्नाव गए थे। वहां के तमाम कार्यकर्ताओं का फोन आया कि अब तक जो माफिया घर से बाहर निकलने में डरते थे वे सपा के कार्यक्रम में डांस कर रहे हैं। इस मौके पर सिराथू के भाजपा विधायक शीतला प्रसाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, प्रशांत केशरी, अरुण केशरवानी, ओम प्रकाश पासी, जगदीश सरोज, निशीथ श्रीवास्तव, पुष्पा देवी, जयसिंह आदि भी मौजूद रहे
जनता के सुझाव पर धुमाई ओवरब्रिज का नाम नागाबाबा के नाम किया
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने धुमाई में आयोजित सभा में जनता से ओवरब्रिज का नामकरण किए जाने के लिए सुझाव मांगा। भाजपा विधायक शीतला प्रसाद ने इसका नाम नागा बाबा के नाम किए जाने का सुझाव दिया। मंच से डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से भी अपना नाम सुझाने को कहा तो कार्यकर्ताओं ने एक स्वर से नागाबाबा के नाम पर हामी भर दी। मंच से ही डिप्टी सीएम ने सेतु निगम के अधिकारियों को ओवरब्रिज का नाम नागाबाबा करने और बोर्ड लगाने के बाद काम शुरू करने का निर्देश दिया। मंच से उन्होंने यह भी कहा कि सिराथू की जनता ने 2012 में विधायक न बनाया होता तो मैं देश की सबसे बड़ी संसद का सदस्य नहीं बन पाता।