कड़ा ब्लॉक के कनवार में बना रेलवे अंडरपास बारिश के पानी से लबालब हो गया है। गंदे पानी के बीच होकर गुजरना ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मजबूरी बन गई है। इससे कई गांवों के लोग परेशान हैं।
दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन कनवार गांव से होकर गुजरती है। करीब चार साल पहले रेलवे विभाग ने यहां अंडरपास का निर्माण कराया था ताकि लोगों को रेलवे ट्रैक पार न करना पड़े लेकिन बरसात के मौसम में यह अंडरपास परेशानी का सबब बन जाता है।
थोड़ी सी भी बारिश हुई तो यहां पानी भर जाता है। स्थानीय निवासी नीटू सिंह ने बताया कि इस मार्ग से खखरेरू, रजपालपुर, भीमपुर, पचमई, रजनापुर, बिछयांवा, उमरा और गेरिया समेत कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। वहीं जुबैर अहमद ने बताया कि स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। ऊपर से टपकता गंदा पानी और वाहनों के गुजरने से कपड़े खराब कर देते हैं।
इसी तरह सुरेश सिंह यादव ने कहा कि कीचड़ में वाहन फिसलने का खतरा भी रहता है जिससे हादसे का डर बना रहता है।
बमरौली अंडरपास में कीचड़-पानी से राहगीर परेशान
कल्यानपुर। सिराथू तहसील के बमरौली गांव स्थित अंडरपास में जलभराव और कीचड़ की समस्या ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अंडरपास में दीवारों की दरारों से पानी भर जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ में कई बार लोग फिसलकर गिर जाते हैं। बाइक से निकलना तो और भी जोखिम भरा हो गया है। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और आम यात्री भारी परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने रेलवे विभाग के अधिकारियों से अंडरपास की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
- कनवार स्थित अंडरपास में जलभराव होने की जानकारी नहीं थी। अगर ऐसा है तो संबंधित कर्मचारियों को भेजकर जल्द ही अंडरपास से पानी निकलवाया जाएगा।- अमित सिंह, रेलवे जन संपर्क अधिकारी