दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग स्थित भरवारी क्रॉसिंग पर जाम की समस्या लाइलाज होती जा रही है। सोमवार सुबह क्रॉसिंग पर लगे भीषण जाम की वजह से नई दिल्ली से प्रयागराज जा रही सुपर फास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस को ठहरना पड़ा। अचानक ट्रेन रुकने से खलबली मच गई। ट्रेन सवार यात्री भी सकते में आ गए। हालांकि, रेलवे पुलिस ने आननफानन जाम हटवाकर ट्रेन को रवाना कराया। इस दौरान 10 मिनट तक ट्रेन होम सिग्नल पर खड़ी रही।
भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह भीषण जाम लग गया। क्रॉसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम की वजह से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान 10.41 बजे नई दिल्ली से प्रयागराज जा रही वंदे भारत ट्रेन अचानक आ गई।
क्रॉसिंग खुली होने के कारण ट्रेन स्टेशन के होम सिग्नल पर रुक गई। ट्रेन के रुकते ही यात्री घबरा गए। ऑटोमेटिक सेंसर दरवाजे लगे होने की वजह से ट्रेन के गेट भी नहीं खुल सके। जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस, कर्मचारी, स्टेशन अधीक्षक डीएन यादव, जीआरपी समेत पूरा अमला क्रॉसिंग पर आ गया।
अधिकारियों ने आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ क्रॉसिंग पर जाम हटवा कर फाटक बंद कराया। इसके बाद 10.51 बजे ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना की गई। इस दौरान 10 मिनट तक ट्रेन होम सिग्नल पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान किसी अन्य ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।