पहले पल्लवी ने लड़ने से कर दिया था इनकार
यहां से टिकट के लिए कैलाश केसरवानी, आनंद मोहन पटेल, अनुज यादव, वीरेंद्र उर्फ विक्की साहू, दिलीप पटेल समेत आधा दर्जन पुराने सपाई लाइन में लगे थे। लेकिन पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने तमाम मंथन के बाद लाइन में लगे दावेदारों को दरकिनार कर दो फरवरी को अपना दल (कमेरावादी) की मुखिया कृष्णा पटेल की बेटी पल्लवी पटेल को गठबंधन का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
सूची सार्वजनिक होते ही सियासी बवंडर मच गया। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से खबरें उड़ी की पल्लवी पटेल ने डिप्टी सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। वह प्रयागराज के शहर पश्चिमी या फिर प्रतापगढ़ जिले की सदर सीट से चुनाव लड़ना चाह रही हैं। प्रतापगढ़ की सदर सीट से उनके नाम का पर्चा भी खरीद लिया गया है
अपना दल ने साध रखी है चुप्पी
इस बाबत सपा अथवा अपना दल (कमेरावादी) की तरफ से कोई अधिकृत बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर दोनों दलों के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। इस कारण पल्लवी की उम्मीदवारी को लेकर संशय बना हुआ था। इसी बीच पल्लवी पटेल के फोन पर उनके करीबी और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय पटेल ने बताया कि वह सिराथू सीट से ही चुनाव लड़ेंगी।
आठ फरवरी को कलक्ट्रेट आकर पल्लवी अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरेंगी। इसी के बाद क्षेत्र में अपने प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगी। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने भी इसकी पुष्टि की है।
पल्लवी के नामांकन में आ सकती हैं डिंपल यादव
सिराथू से सपा गठबंधन प्रत्याशी पल्लवी पटेल आठ फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगी। उनके नामांकन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव के आने की संभावना है। सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश की चुनावी व्यस्तता के कारण पूर्व मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नहीं बन पा रहा है। ऐसे में पूर्व सांसद डिंपल यादव के आने की संभावना है। हालांकि, अभी कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है।