कड़ाधाम कोतवाली के सौंरई बुजुर्ग बाजार में सड़क पार कर रही बालिका को बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बालिका की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सौंरई बुजुर्ग गांव निवासी राजकुमार पटेल उत्तराखंड के हल्द्वानी में रहकर काम धंधा करता है।
उसकी पत्नी आशा देवी गांव में तीन बेटियों के साथ रहती है। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे सबसे छोटी बेटी सृष्टि (4) सौंरई बुजुर्ग बाजार के समीप सड़क पार कर रही थी। तभी भोला चौराहा की तरफ जा रहे एक ट्रैक्टर ने सृष्टि को टक्कर मार दी। हादसे में सृष्टि गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
आसपास मौजूद रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सृष्टि को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कड़ाधाम कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
शीतला धाम कड़ा निवासी गणेश बुधवार रात एक निमंत्रण में अजुहा कस्बा आया था। वहां से घर लौटते समय रास्ते में अटसराय गांव के समीप हाईवे पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सीएचसी सिराथू में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।