बेकाबू बस ने महिला को कुचला, मौत
बेटे के साथ बीमार बहू का इलाज कराने जा रही थी प्रयागराज
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर सहावपुर गांव में शनिवार की दोपहर एक महिला को बस ने कुचल दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।
पिपरी कोतवाली इलाके के काठगांव निवासी कल्लो देवी (50) पत्नी श्याम बाबू शनिवार दोपहर अपनी बीमार बहू लक्ष्मी का इलाज कराने के लिए बेटे पिंटू के साथ प्रयागराज जा रही थी। जैसे ही बाइक सवार तीनों लोग फतेहपुर सहावपुर स्थित शिवाला के पास पहुंचे तभी विपरीत दिशा से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और कल्लो देवी बस के पहिये के नीचे आ गईं। इससे मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बहू लक्ष्मी और बेटा पिंटू मामूली रूप से घायल हो गए। शोर पर आसपास के लोगों को आते देख चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी होने पर रोते बिलखते हुए परिजन घटनास्थल पहुंचे।