पिपरी पुलिस ने शुक्रवार भोर मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को पकड़ने का दावा किया है। दाहिने पैर में गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा के साथ 12 घंटे, कटर व बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पिपरी थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह के मुताबिक दुर्गापुर गांव के बाहर यमुना नदी के समीप स्थित प्राचीन भैरव बाबा मंदिर से 25 जुलाई की रात चार पहिया सवार बदमाशों ने मंदिर में लगे घंटे चुराए थे। ग्राम प्रधान वरुण पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार भोर मुखबिर की सूचना पर बूंदा गांव के पास बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर ली। इसी दौरान बाइक से दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस को देख बाइक सवार भागने लगे।
पुलिस ने दौड़ाया तो बाइक सवार ने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग के दौरान बाएं पैर में गोली लगने से एक बदमाश जख्मी होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसके दूसरे साथी को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान बदमाशों के कब्जे से चोरी के 12 घंटे, 315 बोर के दो तमंचे, चार कारतूस व तीन खोखा के साथ ही बिना नंबर प्लेट की बाइक, कटर और 2150 रुपये बरामद किए। पूछताछ में जख्मी बदमाश ने अपना नाम अरविंद कुमार बिंद निवासी जिगना घोषीपुर थाना जिगना व दूसरे ने अपना नाम अयोध्या प्रसाद बिंद निवासी बघेड़ा कला, थाना जिगना जनपद मिर्जापुर बताया है। दोनों ने दुर्गापुर गांव स्थित भैरव बाबा के मंदिर से घंटे चुराने की बात स्वीकार की है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
-
बरामदगी पर ग्रामीणों ने खड़े किए सवाल
-दुर्गापुर गांव के लोगों ने बताया कि प्राचीन भैरव मंदिर से श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। मान्यता पूरी होने पर श्रद्धालु मंदिर में घंटा चढ़ाते हैं। ज्यादातर घंटों में श्रद्धालुओं के नाम अंकित हैं, चोरी हुए घंटे पुराने भी थे। वहीं, चोरों से बरामद घंटे नए हैं। उनमें श्रद्धालुओं का नाम भी अंकित नहीं है। नाम नहीं छापने की शर्त पर स्थानीय लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम पुलिस तिल्हापुर मोड़ की दुकान से घंटे खरीदे हैं।
-
हजम नहीं हो रहा मंदिर चोरी का खुलासा
-पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाशों ने ही मंदिर से घंटों की चोरी की है। थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह के मुताबिक पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह लोग बाहरी इलाकों में चोरी कर जिगना गांव स्थित एक दुकान पर माल बेचते हैं। भैरव मंदिर के पुजारी त्रिलोकी नाथ द्विवेदी के मुताबिक 24 जुलाई की रात चोरों ने कटर की मदद से तीन क्विंटल वजन के सैकड़ों घंटे चोरी कर ले गए थे। सप्ताह भर बाद एक दर्जन नए घंटों के साथ चोरों की गिरफ्तारी की बात लोगों को हजम नहीं हो रही है।
पकड़े गए आरोपी अंतरजनपदीय चोर हैं। इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में चोरी के समान को मिर्जापुर के जिगना स्थित दुकान पर बेचने की बात कुबूल की है।सिद्धार्थ सिंह, थानाध्यक्ष पिपरी
बदमाशों से बरामद घंटे व चोरी करने के उपकरण। स्रोत : पुलिस मीडिया सेल।- फोटो : mathura
बदमाशों से बरामद घंटे व चोरी करने के उपकरण। स्रोत : पुलिस मीडिया सेल।- फोटो : mathura