two boys died in road accident, girl injured
- फोटो : KAUSHAMBI
करारी कोतवाली के पट्टी अब्दुल रऊफ गांव के समीप नहर के पास शनिवार की दोपहर बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसे में एक पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करारी कोतवाली के सालेपुर निवासी विनोद चौधरी (40) खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करता है। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह अपने रिश्तेदार की मौके के बाद प्रयागराज के गंगापार गया था। दोपहर में घर लौटते समय करीब दो बजे पट़्टी अब्दुल रऊफ के समीप पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर चरवा कोतवाली के सैयद सरावां गांव का अशोक पाल उर्फ पंछूलाल (32) अपनी पांच साल की बेटी छोटी के साथ सवार था। बताते हैं कि अशोक सैदनपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। आमने-सामने की जोरदार टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जबकि, साथ रही बच्ची छिटटकर दूर जा गिरी। हादसा देख आसपास के राहगीर दौड़ पड़े। सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस से फौरन सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में देखते ही डॉक्टरों ने दोनों बाइक सवारों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, घायल बच्ची को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। मौत की मनहूस खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे में घायल युवक की अस्पताल में मौत
चरवा कोतवाली के सैयद सरांवा गांव में तीन अगस्त की शाम बिजली के खंभे से टकराकर घायल हुए दो युवकों में से एक की शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
चरवा कोतवाली के सैयद सरांवा निवासी चंद्रपाल यादव उर्फ कल्लू (22) अपने पड़ोसी घुन्ना पाल के साथ तीन अगस्त की शाम को किसी काम से मनौरी बाजार गया था। रात करीब 10 बजे दोनों युवक घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार सैयद सरावां के हारून मार्केट के पास पहुंचे तभी उनकी बाइक बेकाबू होकर सामने पैदल चल रहे गांव के ही कल्लू को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई थी। इससे चंद्रपाल और घुन्ना पाल के सिर में गंभीर चोटें आ गई। घायल चंद्रपाल उर्फ कल्लू को इलाज के लिए लखनऊ के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि घुन्ना पाल की हालत अभी भी गंभीर है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
two boys died in road accident, girl injured- फोटो : KAUSHAMBI