जिला मुख्यालय स्थित बाजार व चौराहे पर अतिक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है। सड़क और फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा इतना बढ़ गया है कि राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। कई दुकानदार सड़क की पटरी तक सामान सजा देते हैं। इसके चलते न केवल पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है बल्कि वाहन चालकों को भी जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार के बीचो-बीच ठेले और रेहड़ी वाले कब्जा जमाए रहते हैं। दिन के समय इनकी संख्या इतनी अधिक हो जाती है कि दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए निकलना कठिन हो जाता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण की वजह से सड़क की चौड़ाई आधी रह गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर पालिका की ओर से समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। कार्रवाई के बाद कुछ दिन तक व्यवस्था सुधरी रहती है लेकिन इसके बाद फिर दुकानदार सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं।
इससे साफ है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को पार्किंग के लिए भी परेशान होना पड़ता है। सड़क किनारे जगह-जगह ठेले और सामान बिखरा होने के कारण वाहन खड़े करने की जगह तक नहीं मिलती। मजबूरी में लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर सख्ती दिखानी चाहिए। दुकानदारों और ठेले-रेहड़ी वालों को निर्धारित स्थान पर ही कारोबार करने की अनुमति दी जाए ताकि सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए खुले रह सकें।
अतिक्रमण वाले प्रमुख क्षेत्र
मंझनपुर बाजार और आसपास के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण गंभीर समस्या है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क और फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा कई जगहों पर है। मंझनपुर से तहसील मोड़ तक, जामा मस्जिद से रामलीला मैदान के मोड़ तक, सिराथू रोड पर मुख्य चौराहा से लेकर कोर्रों मोड़ तक और करारी रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने होटल, किराना, निजी अस्पताल व मेडिकल स्टोर संचालकों ने सड़क किनारे स्थायी संस्थान बोर्ड लगा रखे हैं। इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है और जाम लगता है।
छोटे दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है। इसके बावजूद अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। इससे न केवल सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए खुले रहेंगे बल्कि यातायात की समस्या में भी सुधार होगा।
- प्रतिभा सिंह, ईओ नगर पालिका