तिल्हापुरमोड़ वाया पुरखास सरायअकिल मार्ग,सरैंया पुल से सेंवथा नहर पटरी सड़क की पटरियों तक झुकी
क्षेत्र की अधिकतर कई सड़कों की ओर पेड़ की डालियां झुक आई हैं। इस वजह से रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कत होती है। बारिश में इन पेड़ों की छंटाई और रास्ते के बगल उगी झाड़ियों की सफाई की मांग उठाई है।
तिल्हापुर मोड़-पुरखास-सरायअकिल मार्ग, सरैंया पुल से सेंवथा नहर पटरी मार्ग और सरैंया-बकोढ़ा संपर्क मार्ग पर कई जगहों पर शीशम व जंगली बबूल के पेड़ की डालियां सड़क की ओर झुक गई हैं। हालात यह हैं कि टू-लेन सड़कें वन लेन नजर आती हैं। इससे आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों की उदासीनता के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन मार्गों पर सफाई की जरूरत है।
जैतपुर पूरे हजारी के जितेंद्र कुमार सरोज, सुरसेनी के शैलेंद्र बाजपेई, मनोज द्विवेदी, राजू शुक्ल, अकबराबाद के मनीष द्विवेदी और मनीशंकर ने बताया कि झाड़ियों और पेड़ों की डालियों के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। घुमावदार मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
संबंधित मार्गों का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां भी पेड़ों की डालियां सड़क पर झुकी हैं या झाड़ियां आवागमन में बाधा बन रही हैं, वहां वन विभाग और संबंधित एजेंसी के समन्वय से शीघ्र छंटाई व सफाई कराई जाएगी। - अजय पांडेय, डीएफओ