मनौरी उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत उजिहिनी आयमा गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर शुक्रवार को फुंक गया था। दो दिन बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगने से गांव में शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। ग्रामीण परेशान हैं।
प्रभावित लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद भी बिजली अधिकारी और कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलवा रहे हैं। सुनवाई न होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव के कमलेश पाल, शिब्बू, अनिल, अखिल आदि का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला जा रहा है। जबकि, शासन का सख्त निर्देश है कि खराब ट्रांसफाॅर्मर 24 घंटे के अंदर बदलकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चालू की जानी चाहिए। कई बार शिकायत के बाद भी मनौरी उपकेंद्र के अधिकारी और कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर बदलवाना तो दूर सही जवाब नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली गुल होने से बड़ी आबादी परेशान है। लोगों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। घर में लगे बिजली के उपकरण शोपीस बन गए हैं। जाड़े की सर्द रातों में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
गांव के लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि सोमवार तक ट्रांसफाॅर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति चालू नहीं की गई तो ग्रामीण उपकेंद्र का घेराव करने को बाध्य होंगे। संवाद